केराकत कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर रात चोरों ने एक ही गांव में तीन मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों की नकदी और जेवरातों पर हाथ साफ किया। घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त के दावों की पोल खुल गई है। गांव में एक साथ हुई कई चोरियों से ग्रामीण दहशत में हैं।
थाना क्षेत्र के गांव बेलहरी के करन गिरी ने बताया कि बुधवार की रात चोर मकान में घुसे। पहले कमरे का ताला तोड़ा और नकदी और जेवर चुरा ले गए। बक्सा सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास मिला। करन ने बताया कि उनके यहां से 15 हजार नकद लगभग एक लाख के गहने, कीमती साड़ी और बर्तन चोरी हुए हैं।
चोरों ने गांव की ही सरिता सिंह के यहां से छह हज़ार नकद, कपड़े और चांदी के करीब 25 हजार के गहने उड़ा दिए। सरिता सिंह ने बताया कि उनके घर में अन्य तीन लोगों के कमरे में से चोरी हुई है। वह लोग बाहर रहते हैं।
चोरों ने गांव के रामआसरे मौर्य के घर को भी निशाना बनाया। उनके घर से चोर पांच हज़ार नकद, 20 हजार के चांदी के गहने, बर्तन और साड़ी उठा ले गए। टूटा हुआ बक्सा गांव से दो सौ मीटर की दूरी पर पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार राय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज करते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।