धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में एक युवक को फोनकर बुलाया और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को जिला अस्पताल से ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। कबीरूद्दीन पुर गांव निवासी अजय गौतम (32) शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे घर पर था। इसी समय मोबाइल पर कॉल कर गांव के सूरज ने उसे बुलाया। फोन आने पर अजय घर से निकला। आरोप है कि कुछ दूर सड़क किनारे सूरज, आकाश व उसके घर के दो अन्य लोगों ने उसे गाली देते हुए पुरानी रंजिश को लेकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर घर और आसपास के लोग वहां पहुंचे तो देखा अजय खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। डायल 112 पर सूचना दी गई। डायल 112 की पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया। अजय गौतम के गले के बाईं तरफ धारदार हथियार से कट गया था। इससे खून रुक नहीं रहा था। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी है। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर फूलचंद पांडेय ने बताया कि मामले में घायल युवक के पिता राम प्रसाद ने शनिवार को दोपहर में तहरीर दी है। इसमें कबीरुद्दीनपुर गांव के आकाश, शशिकला, अंजली व सूरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही है।