धर्मापुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के बिहरोजपुर गांव में बृहस्पतिवार को पत्नी की विदाई कराने पहुंचे पति को किसी बात से नाराज ससुराल वालों ने जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को चिकित्सालय भेजवाया। पीड़ित ने मामले में थाने में तहरीर दी।
रामपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी कमलेश कुमार बृहस्पतिवार की दोपहर पत्नी की विदाई कराने अपने ससुराल जफराबाद थाना क्षेत्र के बिहरोजपुर गांव आया था। वहां किसी बात से नाराज ससुराल वालों ने युवक के पहुंचते ही गाली-गलौज देनी शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवक को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। उसकी बोलेरो को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल कमलेश कुमार ने इस घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। पुलिस ने उसे घायलावस्था में अस्पताल भेजवाया। कमलेश के कमर व सिर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद कमलेश अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जफराबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक जफराबाद सुरेंद्रनाथ सिंह ने बताया कि पति-पत्नि के बीच आपसी विवाद ही घटना का कारण है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।