मछलीशहर। नगर में एक युवक ने मंगलवार को फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिये ही दाह संस्कार कर दिया।नगर के कोल्हरा मोहल्ला निवासी अंकित कुमार मौर्य (19) मंगलवार की रात भोजन कर कमरे में सोने चला गया। सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। काफी देर तक प्रयास करने पर दरवाजा जब नहीं खुला तो तोड़कर अंदर घुसे। कमरे में अंकित का शव रस्सी के सहारे लटक रहा था। परिजनों ने युवक का शव नीचे उतारकर बिना कोतवाली पुलिस को सूचना दिए शव का दाह संस्कार कर दिया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
मुंगराबादशाहपुर। वाराणसी-लखनऊ रेल प्रखंड पर स्टेशन के करीब ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार की सुबह कुछ लोग स्टेशन पर खड़े थे तभी एक युवक की क्षत-विक्षत लाश रेलवे ट्रैक पर दिखाई पड़ी। लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। काफी देर बाद युवक की पहचान चंद्रेश बहादुर (35) पुत्र समर बहादुर चौहान निवासी सरोखनपुर के रूप में हुई। ट्रैक पर साइकिल भी पड़ी थी। आशंका जताई जा रही है कि सुबह 7 बजे वाराणसी से लखनऊ जा रही किसान एक्सप्रेस से कटकर युवक की मौत हुई है। युवक ने आत्महत्या की या फिर साइकिल से ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।