सेमरी के (पंडित के पूरा) बस्ती में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर से 200 मीटर दूर दक्षिण की तरफ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरी पंडित का पूरा गांव निवासी रिंकू (40) पुत्र जोखन का शव रविवार शाम छह बजे घर के दक्षिण तरफ रास्ते पर मिला। मौके पर पहुंचे परिजन शव को लेकर अंत्येष्टि की तैयारी कर रहे थे कि किसी ने मीरगंज पुलिस को हत्या होने की सूचना दे दी। सूचना पर मीरगंज थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ने जो तहरीर दी है, उसमें काफी दिन से तबीयत खराब होने की बात कही गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण साफ हो पाएगा।