सुजानगंज। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्री राम के प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण के निमित्त वितरण के लिए अयोध्या में पूजित अक्षत जिला मुख्यालय तक आ चुका है। शीघ्र ही विकास खंडों को उपलब्ध हो जाएगा। इस पूजित अक्षत को प्रत्येक गांव के प्रत्येक घरों तक पहुंचाना हम सभी कार्यकर्ताओं का परम कर्तव्य है। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक (मछली शहर) प्रभात ने राधा कृष्ण मंदिर सुजानगंज पर आयोजित विचार परिवार की बैठक में कही। कार्यक्रम की रूपरेखा को सुनिश्चित करते हुए रविवार को उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर बैठकर आयोजित कर ग्राम स्तर तक की टोलियां बनाई जाएंगी। इसमें विचार परिवार के सभी संगठनों के कार्यकर्ताओं को लगना है। इसके पूर्व विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष लालमणि पांडेय, जिला मंत्री विश्वंभर नाथ, सह जिला कार्यवाह वीरेंद्र ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विचार परिवार के सभी संगठनों के प्रमुख उपस्थित रहे। इस मौके पर खंड कार्यवाह राम प्रकाश, रतिराम यादव, शिवशंकर विश्वकर्मा, संतोष मौर्य, सौरभ मिश्र, देवेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता खंड संघ चालक श्यामशंकर पांडेय ने की।