क्षेत्र के मलेथू चौरी मार्ग से होकर गुजरने वाली वरुणा नदी और क्षेत्र के पट्टी कीरत राय गांव से होकर गुजरने वाली बसुही नदी के नगेसरा घाट पर पुल का निर्माण हो रहा है। इन दोनों पुलों का निर्माण 2022 में शुरू हुआ जिसे 2023 जून तक पूरा होना था। अभी तक महज 50 फीसदी काम ही हो पाया है। तय समय सीमा पर काम न होने पर इसकी तिथि बढ़ा दी गई है। वहीं, अधिकारियों की मानें तो काम में देरी का कारण बजट का अभाव है।
सुरेरी थाना क्षेत्र के मलेथू से चौरी जाने वाले मार्ग से होकर गुजरने वाली वरुणा नदी पर 8.14 करोड़ की लागत से पुल बन रहा है। वहीं पट्टी कीरत राय से जमालपुर बाबतपुर मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग से होकर गुजरने वाली बसुही नदी के नगेसरा घाट पर हो रहे पुल का निर्माण 7.31 करोड़ की लागत से हो रहा है। इन दोनों ही पुल की लंबाई 13 मीटर चौड़ा व 22 मीटर है, यह कार्य जनवरी 2022 में शुरू किया गया। जिसको जून 2023 में पूरा करना था। इसकी समय सीमा बढ़ा दी गई है फिर भी धीमी गति से काम हो रहा है। पुल का निर्माण अधूरा होने की वजह से क्षेत्रीय लोगों को इन मार्गों से होकर गुजरने के बजाय कहीं अन्यत्र मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। जिससे उन्हें ज्यादा दूरी तय करनी पड़ती है।
.............................
बोले ग्रामीण ...
मलेथू गांव के ज्ञान प्रकाश यादव व रंजीत ने बताया कि हम लोग भदोही की सीमा पर बसे हुए हैं। जिसकी वजह से अक्सर भदोही जनपद में आना-जाना लगा रहता है पुल का निर्माण कार्य न होने से हम लोगों को काफी असुविधा हो रही है। वहीं नगेसरा गांव निवासी भूपेंद्र राय व राजू मिश्रा ने बताया कि काफी दिनों से पिलर बनाकर छोड़ दिया गया है, जिसकी वजह से ग्रामीणों व क्षेत्रीय लोगों को जमालापुर बाबतपुर मार्ग पर जाने के लिए 5 से 7 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
...............................
वर्जन ...
बजट के अभाव में कार्य पूरा करने में समय लग रहा है। इसकी निर्माण की समय सीमा बढ़ाई गई है। इसे जून 2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
-जेपी गुप्ता, परियोजना अधिकारी सेतु निगम।