16वीं विधानसभा चुनाव के लिए जिले में 9 फरवरी से नामांकन शुरू होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में बैरियर लगाया गया है। परिसर से 200 मीटर दूरी पर ही प्रत्याशियों के वाहनों को रोका जाएगा।
प्रत्याशी चार लोगों के साथ नामांकन कक्ष में आएंगे। कलेक्ट्रेट परिसर में अलग अलग कोर्ट में नामांकन 11 बजे से तीन बजे तक होगा। प्रत्याशी नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से ही प्रवेश करेंगे। सुरक्षा की दृष्टिकोण से सभी नामांकन कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इसके अलावा कलेक्ट्रेट की गैलेरी और बाहर भी कैमरे लगे हैं। ताकि किसी तरह की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। उधर, जेल तिराहा, स्टेट बैंक तिराहा, लाइन बाजार तिराहा पर बैरियर लगा कर नाकेबंदी की गई है।
इसके अलावा कलेक्ट्रेट के अंदर भी पांच स्थानाें पर बैरियर लगाए गए हैं ताकि कहीं किसी तरफ से कोई अंदर न आ सकें। एसपी सिटी कमलेश दीक्षित ने बताया कि चार सीओ, 18 एसओ, 54 दरोगा, 187 सिपाही, डेढ कंपनी पीएसी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं।
इसके अलावा डोर फेम, मेटल डिटेक्टर के साथ चेकिंग के लिए पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। 27 पुलिस कर्मियों को सादे में कलेक्ट्रेट के आस पास और अंदर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया है। 26 महिला सिपाहियों को भी लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से आस पास की छतों पर भी पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। उप निर्वाचन अधिकारी उमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि पूरी तैयारी कर ली गई है। मिंयापुर पुलिस चौकी के बगल गेट से ही कर्मचारी कलेक्ट्रेट में प्रवेश करेंगे।