मल्हनी। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों और संस्थानों के शैक्षणिक निरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया है। विभिन्न संकायों और संस्थानों की शैक्षणिक समीक्षा 30 सितंबर तक होगी। कुलपति प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह विश्वविद्यालय के नवाचार और कौशल उन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए फैसला लिया है कि वे प्रतिदिन अपराह्न 4 बजे से 6 बजे तक निर्धारित संकाय या संस्थान का भ्रमण करेंगे। इस दौरान वहां की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों की गतिविधियां, शोध एवं नवाचार से जुड़े कार्यों तथा उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करेंगे। कुलपति, शिक्षकों और कर्मचारियों से संवाद कर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी ले सकते हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को विज्ञान संकाय और 24 सितंबर को प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान का भ्रमण प्रस्तावित है। 25 सितंबर को प्रबंधन अध्ययन संकाय, 26 सितंबर को अनुप्रयुक्त सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकाय तथा 28 सितंबर को फार्मेसी संस्थान का निरीक्षण करेंगे। 29 सितंबर को विधि संकाय और 30 सितंबर को महर्षि पराशर कृषि विज्ञान संस्थान तथा कला, संकाय/शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग का निरीक्षण करेंगे।