जिले में अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुबह 10 बजे ही दोपहर 12 बजे जैसी धूप हो जा रही है। तापमान बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. संजय कुमार कनौजिया ने बताया कि 15 मरीज रोज भर्ती हो रहे हैं। डायरिया, पेट दर्द, बुखार, खांसी, उल्टी-दस्त के मामले ज्यादा आ रहे हैं। कुछ मरीजों में डिहाइड्रेशन की भी समस्या देखने को मिल रही है। बुधवार को 954 मरीज अस्पताल पहुंचे। पैथालॉजी में भी जांच के लिए मरीजों की भीड़ रही। त्वचा रोग विशेषज्ञ डाॅ. अमरदीप ने बताया कि इस समय दाद, घमौरी आदि से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं। त्वचा रोग से पीड़ित 141 मरीज इलाज के लिए आए। उन्होंने बताया कि मरीजों को सलाह दी गई कि संक्रमण के कारण इस तरह की दिक्कत आ रही है अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अशोक कुमार यादव ने कहा कि गर्मी के चलते बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। तेज धूप के चलते डिहाइड्रेशन, डायरिया, पेट दर्द के मामलों में वृद्धि हुई है। बच्चों पर इसका असर अधिक दिख रहा है। हालांकि बदलते मौसम में हर उम्र के लोगों में उल्टी-दस्त और बुखार की समस्या होने लगती है। गर्मी के चलते अस्पताल में सुबह के समय ही ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइनें लग रही हैं। कहा कि धूप में बाहर निकलने से परहेज करना चाहिए।