ओलंदगंज स्थित निर्माणाधीन पंडाल में रखी गई मां दुर्गा जी की प्रतिमा। संवाद
- फोटो : doda news
जौनपुर। जिले में दुर्गा पूजा उत्सव मनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा है। जिले में इस बार 804 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पूजा पंडालों में प्रतिमाएं पहुंच चुकी है। शहरी क्षेत्रों में 138 और ग्रामीण क्षेत्रों में 666 स्थानों पर पूजा पंडाल सजाए जा रहे हैं। शहर के फल वाली गली में इस बार जिले के सबसे बड़ी 22 फीट की देवी प्रतिमा स्थापित की जा रही है। श्री दुर्गा पूजा महासमिति के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि सभी पंडालों को नए तरीके से सजाने के लिए बाहर से कलाकार बुलाए गए हैं। दुर्गा पंडालों की सुरक्षा को लेकर संगठन की ओर से पदाधिकारी तैनात किए जाएंगे। शुक्रवार को दिनभर दुर्गा प्रतिमाओं को सजाने का काम चलता रहा। अधिकांश स्थानों पर देवी प्रतिमाएं पहुंच चुकी हैं। इस साल शहर से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में दशहरे की धूम देखने को मिल रही हैं। शारदीय नवरात्र पर विभिन्न कमेटियों की ओर से पूजा पंडालों को सजाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
पूजा के दौरान बिजली विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है। लटकते जर्जर तारों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।