परीक्षा में शामिल होने के लिए सेंटर पर पहुंचे परीक्षार्थी। संवाद
- फोटो : 1
जौनपुर/मल्हनी। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार को जनपद के 19 केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित इस परीक्षा में लगभग 26 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम से कठिन रहा। सामान्य ज्ञान खंड में कानून से जुड़े तकनीकी सवालों, जैसे- किस अपराध में दोषी मन का प्रमाण आवश्यक नहीं होता? और पहली बार राष्ट्रपति शासन कितने समय के लिए लगाया जाता है? ने परीक्षार्थियों को काफी देर सोचने पर मजबूर किया। इसके अलावा, हिंदी भाषा के घुमावदार प्रश्नों और उम्मीद से अधिक संख्या में आए गणित के सवालों ने भी अभ्यर्थियों की चुनौती बढ़ा दी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सघन तलाशी और बायोमेट्रिक मिलान की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (वाराणसी जोन) पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।