बदलापुर। सिलसिलेवार हो रही बारिश के कारण पीली नदी का जल स्तर बढ़ने से कस्तूरीपुर-दुगौलीकला के बीच बना रपटा पुल महीने भर से डूबा है। पानी की तेज धार होने के कारण स्थित भयावह बनी हुई है। सोमवार को आकाश विश्वकर्मा (21) की नदी में डूबने से मौत हो गई। जिससे सहमें बाइक व साइकिल सवार रपटा पुल से आना-जना बंद कर दिए हैं। जानकारी के बावजूद जिम्मेदार अभी खामोश बैठे हैं।
वर्ष 1989-90 में ग्रामीणों की मांग पर तत्कालीन विधायक लालता प्रसाद यादव ने पीली नदी पर दुगौली कला-कस्तूरीपुर के बीच रपटा पुल का निर्माण कराया था। रपटा पुल बनते ही मेढ़ा आदि गांव के लोगों के लिए बदलापुर का आवागमन आसान हो गया। उनको अब तहसील मुख्यालय की दुरी मात्र 15 किमी तय करनी पड़ रही है। रपटा पुल डूब जाने से ग्रामीणों के लिए समस्या गहरा गई है। बहरीपुर कला के डॉ. प्रमोद मिश्र मोनू, सूर्य प्रकाश उर्फ बड़काऊ, फिरोजपुर के डॉ. प्रकाश शुक्ल, पूर्व ब्लाक प्रमुख ओमप्रकाश सिंह, विद्याकांत शुक्ल आदि लोगों ने बताया कि दो हजार ग्रामीणों को रपटा पुल डूबने से जलालत झेलनी पड़ती है। समय रहते प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों ने यदि पुल का निर्माण नहीं कराया तो समस्या गहरा सकती है।