पूर्व केंद्रीय गृहराज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 से पहले ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू हो जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि दोनों पक्षों की सहमति से मामला सुलझे और मंदिर का निर्माण हो जाए। मंदिर निर्माण के मुद्दे पर यदि सहमति नहीं बनती है तो कानून लाकर मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।
पूर्व मंत्री सोमवार को ओलंदगंज स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले की निंंदा करते हुए कहा कि यह हमला श्रद्धालुओं पर नहीं बल्कि सरकार पर हुआ है। क्योंकि जिस वाहन को आतंकवादियों ने अपना निशाना बनाया था उस पर गुजरात के लोग सवार थे। भक्तों पर हमला किया जाना सरकार के लिए चुनौती है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंतरराष्ट्रीय आतंकियों के निशाने पर है। इसका यह सबूत है कि विधानसभा में विस्फोटक पहुंच गया। तीन तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट मुसलिम बहनों के पक्ष में फैसला सुनाकर इस कुप्रथा से निजात दिलाएगी। कहा कि मोदी सरकार हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है।