जौनपुर। गरज-चमक के साथ रविवार की रात हुई झमाझम बारिश से धरती तर हो गई। खेतों में पानी भरने से धान की खेती करने वाले प्रसन्न हैं। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव से आवागमन में दिक्कत हुई। बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई। लोकल फाल्ट के कारण शहर के कई मोहल्लों में पूरी रात बिजली गुल रही।
रात साढ़े 11 बजे बारिश शुरू हुई। सारी रात मेघ रुक-रुककर बरसते रहे। ठंडी हवा के साथ बारिश ने गर्मी से राहत पहुंचाई। सुबह बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। नईगंज मुहल्ले के कई घरों में लोग लोग पानी निकालने में परेशान रहे। कालीकुत्ती, परमानतपुर, पुरानी बाजार सहित कई अन्य इलाकों में भी जलनिकासी व्यवस्था की बदहाली से लोगों को दुश्वारी झेलनी पड़ी। उधर, बारिश शुरू होने के कुछ देर बाद ही बिजली भी गुल हो गई। वाजिदपुर तिराहा, कृषि भवन, पॉलीटेक्निक चौराहा, चांदमारी, मड़ियाहूं रोड, सिटी स्टेशन, पुरानी बाजार, हुसैनाबाद, सब्जी मंडी, इमामबाड़ा, भगत सिंह पार्क सहित 12 मोहल्लों में रात भर बिजली आपूर्ति ठप रही। एक्सईएन नजम अहमद ने बताया कि फीडर नंबर एक ब्रेक डाउन हो जाने के कारण रात ढाई बजे से सुबह नौ बजे तक और टाउन फीडर नंबर तीन से रात एक बजे से सुबह नौ बजे तक आपूर्ति बंद थी। फाल्ट की मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।
गिरी बिजली, शहीद स्मारक का गुंबद क्षतिग्रस्त
बक्शा। धनियांमऊ पुल के समीप बने शहीद स्मारक पर रविवार की रात बिजली गिरने से गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। शहीद स्मारक 16 अगस्त 1942 को शहीद हुए हैदरपुर निवासी जमींदार सिंह समेत छह लोगों की स्मृति में बनवाया गया था। शहीद स्तंभ के ऊपर गुंबद क्षतिग्रस्त होने की खबर मिलते ही शहीद जमीदार सिंह के प्रपौत्र डॉ. प्रभात विक्रम सिंह, चंद्रभान सिंह आदि ने मौके पर पहुंचकर नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने शहीद स्मारक के जीर्णोद्धार की डीएम से मांग की है।
अंडरपास में भरा पानी, बरातियों की बोलेरो फंसी
जौनपुर। रविवार की रात हुई तेज बारिश में जंगीपुर स्थित रेलवे अंडरपास में लबालब भर गया। सुबह बरात से लौट रही एक बोलेरो पानी की स्थिति का अंदाजा न होने से अंडरपास को पार करने की कोशिश में बीच में ही फंस गई। सूचना मिलने पर कांग्रेस के बक्शा ब्लॉक के अध्यक्ष डॉ. प्रभात विक्रम सिंह, डॉ मनोज बिंद आदि ने मौके पर पहुंचकर आसपास के ग्रामीणों की मदद से धक्का लगाकर गाड़ी को बाहर निकलवाया गया। कुछ दिन पहले भी ग्रामीणों ने बारिश के दौरान अंडरपास के खतरा बनने की आशंका जताते हुए उच्चाधिकारियों को ज्ञापन दिया था, लेकिन कोई रुचि नहीं दिखाई गई। अंडरपास में पानी भरने से हादसे की आशंका बनी हुई है।