सिरकोनी। जफराबाद थाना क्षेत्र के चौकीपुर गांव निवासी एक महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसे और उसके अधिवक्ता को जेल के एक बंदी से जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार चौकीपुर गांव निवासी रीमा सोनकर पुत्री लालता सोनकर ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसे जौनपुर जेल के से एक बंदी से फोन पर जान से मारने की धमकी भी मिली है। रीमा के अनुसार वर्ष 2023 में जलालपुर थाना क्षेत्र के कुशियां गांव निवासी विशाल सोनकर ने उससे शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न किया और उसकी अश्लील फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल भी की। मामले को संज्ञान में लेकर लाइन बाजार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। विवेचक द्वारा आरोप पत्र न्यायालय में सौंप दिया गया था। इसी बीच आरोपी विशाल सोनकर ने माननीय उच्च न्यायालय में रीमा सोनकर से विवाह करने का शपथ पत्र देते हुए याचिका दायर कर अपनी जमानत प्राप्त कर ली। बाद में न्यायालय के आदेश का अनुपालन न किए जाने पर हाईकोर्ट ने जमानत निरस्त कर दी। इस समय आरोपी विशाल सोनकर जेल में है। 15 मई को रीमा सोनकर ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 5 मई 2025 की रात 2 बजे से लेकर 2:30 बजे के बीच उसके मोबाइल नंबर पर जिला जेल में बंद विशाल सोनकर का तीन बार फोन आता है और वह हर बार फोन में रीना सोनकर और उसके अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी देता है। चूंकि अब पीड़िता और उसके पिता कि पूर्व में दर्ज मुकदमे में जांच होनी है। इसलिए पीड़िता डरी सहमी है।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर दिए हुए प्रार्थना पत्र की प्रति लाइन बाजार थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शनिवार की शाम आरोपी विशाल सोनकर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रीमा सोनकर द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।-सतीश सिंह, -प्रभारी निरीक्षक