जंघई फ्लाईओवर का डामर फैलाती मशीन। संवाद
- फोटो : 1
जौनपुर। मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731बी) पर जंघई रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का काम बारिश बंद होते ही फिर से शुरू हो गया है। बुधवार को तेज धूप खिलते ही कार्यदायी संस्था ने फ्लाईओवर पर प्लास्टिक डामर सीट (तारकोल की परत) बिछाने के बाद डामरीकरण (बीसी) का काम पूरा कर लिया है। अब लोड टेस्टिंग की औपचारिकता बाकी है। उम्मीद है कि अक्तूबर के पहले पखवाड़े में तकनीकी टीम लोड टेस्टिंग करेगी। इसके बाद पुल से आवागमन शुरू हो जाएगा। 640 करोड़ रुपये की लागत से मछलीशहर से भदोही तक पहले चरण की मुख्य सड़क स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन कंपनी ने समय-सीमा में पूरा कर लिया था। जंघई रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण में पहले रेलवे की एनओसी मिलने में हुई देरी फिर जुलाई में स्लैब ढलाई के बाद बारिश का मौसम रोड़ा बन गया था। सितंबर में ज्वाइंट भरने के बाद जब डामर बिछाने की तैयारी हो रही थी, तभी लगातार पांच दिनों तक हुई बारिश ने फिर से काम पर ब्रेक लगा दिया। पुल से आवागमन शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को जाम से निजात मिलेगी।