थानागद्दी। केराकत थाना क्षेत्र के नाऊंपुर राजेपुर गांव में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग को गोबर और कूड़ा डालकर बाधित किए जाने का मामला सामने आया। घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पहुंची पुलिस ने आवागमन बहाल कराया। ग्रामीणों के अनुसार शिवरात्रि के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए शिवालय जा रहे थे। इस दौरान गांव के एक अराजक व्यक्ति द्वारा मंदिर जाने वाले रास्ते पर गोबर रखकर अवरोध कर दिया गया। उस समय मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था, सोमवार को भंडारे का आयोजन होना है। मन्दिर का रास्ता बंद होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों द्वारा मामले की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मजदूर लगवाकर रास्ते पर पड़े गोबर व कूड़े को हटवाया। जिसके बाद श्रद्धालुओं का आवागमन पुनः शुरू हो सका। केराकत कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और धार्मिक स्थल के रास्ते में अवरोध उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।