थानागद्दी।मृतक अरमान अहमद की फाईल फोटो
केराकत कोतवाली क्षेत्र के मथुरापुर गांव में बृहस्पतिवार की रात अरमान अहमद (21) ने कमरे में पंखे के सहारे रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। अरमान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
मथुरापुर निवासी इदरिश अहमद का पुत्र अरमान रात में खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया। शुक्रवार सुबह उसकी बहन ने कमरे का शटर आधा खुला देखा।
अंदर झांकने पर अरमान को पंखे के सहारे फंदे से लटका देख वह घबरा गई। उसके शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद पिता इदरिश अहमद समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। केराकत कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।