सिकरारा--मृतक नीतू यादव की फाइल फोटो। परिजन
सिकरारा। कुठुली (बस्ती) गांव में शुक्रवार की सुबह एक पक्के मकान के बंद कमरे की छत से विवाहिता नीतू यादव (28) का लटकता हुआ शव मिला।रोहित यादव ने बताया कि उसकी पत्नी नीतू यादव रात में परिवार के साथ पक्के मकान की छत पर सोई थी। उसके साथ उसका चार साल का बेटा मुन्ना तथा 6 माह की बिटिया भी थी। रात में कब उठकर वह नीचे वाले अपने कमरे में आ गई किसी को पता नहीं चला। भोर में जब बारिश होने लगी तो लोग बाहर से मकान में आए।
नीतू कहीं दिखाई नहीं दी तो लोगों ने सोचा कि वह अपने कमरे में होगी। सुबह 6 बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं आई तो उसके बंद कमरे का दरवाजा खटखटाया गया, कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया तो नहीं खुला। किसी ने खिड़की से झांककर देखा तो उसका शरीर छत के गार्डर में साड़ी के फंदे से पंखे के हुक से लटकता दिखाई दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने दरवाजा के अंदर लगे सांकल को खिसका कर दरवाजा खोल कर शव को नीचे उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नीतू की शादी 5 वर्ष पहले हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतका के मायके वालों की तरफ से किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।