मृतक सनि के परिजनों से मिले ओपी राजभर, सहायता राशि दिलाने का दिया आश्वासन स्रोत-संवाद
करंजाकला (जौनपुर)। सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के भकुरा गांव में एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक सनी राजभर के परिजनों का गुस्सा और दर्द बृहस्पतिवार को फूट पड़ा। हादसे के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपियों पर ठोस कार्रवाई और सरकारी सहायता न मिलने से नाराज मृतका की मां कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की गाड़ी के आगे सड़क पर लेट गईं। इस घटना से मौके पर बेहद भावुक और तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विगत दिनों कार की टक्कर से सनी राजभर की मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को सूबे के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने भकुरा गांव पहुंचे थे। जैसे ही मंत्री का काफिला वापस लौटने लगा, मृतक की मां बिलखते हुए उनकी गाड़ी के सामने आ गईं। महिला ने आरोप लगाया कि घटना को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक दोषियों के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया।कार्रवाई और मुआवजे की मांगपीड़ित परिवार का कहना है कि अब तक कई अधिकारी और नेता सिर्फ आश्वासन देकर चले गए लेकिन न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही कोई सरकारी आर्थिक मदद मिली। सुरक्षाकर्मियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद रोती-बिलखती महिला को सड़क से उठाया और शांत कराया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का पुख्ता भरोसा दिया। उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने और नियमानुसार सरकारी मदद दिलाने के निर्देश दिए।
मृतक सनि के परिजनों से मिले ओपी राजभर, सहायता राशि दिलाने का दिया आश्वासन स्रोत-संवाद