जौनपुर। मौसम के तेजी से बदलते मिजाज से आमजन परेशान हैं। बुधवार को सुबह से खिली धूप से सभी को राहत तो मिली लेकिन सुबह-शाम गलन ने बेहाल कर दिया। वहीं, ट्रेनों के परिचालन भी कोहरे के असर से प्रभावित हुआ। स्थिति यह रही कि जौनपुर जंक्शन पर फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 10 घंटे की देरी से आई। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी चटख होती गई। इससे बाजार में चहल-पहल रही। दोपहर में खुले आसमान से लेकर घरों की छतों पर लोग धूप सेंकते नजर आए। बुधवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे और ठंड के कारण वाहन चालकों को दिन में भी लाइटें जला कर चलना पड़ा। शाम को पांच बजे ही अंधेरा छा गया। जौनपुर जंक्शन पर यात्री परेशान नजर आए। यहां भटिंडा से बालूर घाट जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस 10 घंटे विलंब से जौनपुर जंक्शन पर पहुंची। इसके अलावा दून एक्सप्रेस अप व डाउन दो घंटे और गंगा-सतलज डेढ़ घंटे देरी से जौनपुर जंक्शन पर पहुंची। ट्रेनों के देरी से पूरे दिन रेलवे स्टेशन पर लोग परेशान रहे। लोग रेलवे की साइट्स से ट्रेनों का लोकेशन चेक करते देखे गए। ट्रेनें देरी से स्टेशन पर पहुंचने से आने-जाने वाले लोगों को ठंड में परेशानी उठानी पड़ रही है। स्टेशन अधीक्षक राम प्रकाश ने बताया कि कोहरा की वजह से ट्रेनें लेट हो जा रही हैं।