क्षेत्र के जमऊपट्टी बाजार में रविवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने महिला से चेन और अंगूठी छीन ली। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकस हो गई ।
पुलिस बदमाशों की धर पकड़ के लिए जमऊपट्टी बाजार में एक आभूषण की दुकान पर लगी सीसीटीवी कैमरा खंगालने में जुटी रही। थानाध्यक्ष कमलेश कनौजिया ने बताया कि सूचना मिली कि जमऊपट्टी लारपुर गांव के समीप एक महिला से बाइक सवार कुछ लोग चेन और अंगूठी छीन लिए। जांच पड़ताल की जा रही है। सीओ बदलापुर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
बाइक सवारों ने सराफा व्यापारी से लाखों के आभूषण छीना
जिले के सुल्तानपुर जनपद के बार्डर पर स्थित पंचमुखेश्वर महादेव के निकट रविवार को दिन में करीब 10 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी से लाखों के आभूषण छीन कर भाग गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। दिन दहाड़े घटना के होने से लोगों में दहशत है।
सूरापुर भवानीपुर निवासी रामसुख बरनवाल की बिजेथुवा रोड पर सर्राफा की दुकान है। वह रोज की भांति रविवार को दस बजे घर से लाखों रुपये के जेवरात झोले में रख दुकान के लिए बाइक से निकला। वह पंचमुखेश्वर महादेव मंदिर के निकट पहुंचा था कि तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसको रोकने के साथ ही नीचे गिरा दिया और लाखों रुपये के जेवरात से भरे झोले को छीनकर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पर चौकी प्रभारी गौरव अवस्थी और थाना ध्यक्ष कादीपुर उमेश्वर प्रताप यादव मौके पर पहुंचे और पंचमुखेश्वर मंदिर में लगे कैमरे की फुटेज आदि खंगालते हुए मामले की जांच पड़ताल मे जुट गए है।