सुईथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के उसरिया सुईथाकला गांव के पास पल्सर सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर युवक की बाइक, नगदी और मोबाइल लूट लिया।
भटौली जहरउद्दीनपुर गांव निवासी नींबू लाल अपने रिश्तेदार को घर छोड़ने सरपतहा क्षेत्र के छीतमपट्टी गए थे। लौटते समय शारदा सहायक नहर के पास स्थित गांव उसरिया करीमपुर के पास घात लगाए पल्सर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। असलहे के बट से प्रहार कर घायल कर दिया और उनकी बाइक , मोबाइल व दो हजार नकदी लूटकर रामनगर बाजार की तरफ फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस रातभर पीड़ित को गाड़ी में लेकर टहलती रही परंतु बदमाशों सुराग नहीं लगा। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय पुलिस अभी तक मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है। बीते दो दिन पहले इसी घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित दूध व्यवसायी से भी बदमाश 35 सौ रुपये लूट लिए थे। सीओ शाहगंज अंकित कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। घटना हुई है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।