धर्मापुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर स्थित एक रेस्टोरेंट के पास बुधवार की रात लगभग नौ बजे दबंगों ने एक सराफा व्यापारी को पीटकर घायल कर दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उर्दू बाजार निवासी पंकज कुमार सोनी सिरकोनी स्थित अपनी दुकान को बंदकर अपने दो साथियों के साथ ढाबे पर गया। वहां पर पहले से कुछ युवक मौजूद थे। उन्हीं युवकों से किसी बात पर पंकज कुमार सोनी से झड़प के बाद गाली गलौज हो गई। जब पंकज ने विरोध किया तो मनबढ़ों ने मिलकर उसे डंडे से बुरी तरह पीट दिया। जिससे पंकज कुमार सोनी (34) घायल हो गया। घायल सराफा कारोबारी को उसके साथियों ने जिला अस्पताल लाया। घायल के सिर और शरीर पर चोट आई है। घायल युवक का आरोप है कि उसके गले से सोने की चेन मनबढ़ युवकों ने छीन लिया। थाना प्रभारी लाइन बाजार किशोर कुमार चौबे ने बताया कि मारपीट का मामला है। चेन छीनने का आरोप संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।