शिक्षक विधायक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा है कि सरकार को हठवादिता छोड़ अपना वादा पूरा करना चाहिए। समय रहते सरकार नहीं चेती तो शिक्षक आंदोलन को तेज करेंगे। रविवार को वाराणसी से लखनऊ जाते समय वह टीडी कालेज में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
शिक्षक विधायक ने यहां मूल्यांकन केंद्र पर धरने पर बैठे शिक्षकों से मुलाकात किया और आंदोलन के लिए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांग सरकार पूरी नहीं करेगी तबतक आंदोलन चलता रहेगा। उन्होंने मिर्जापुर, जालौन और झांसी में शिक्षकों पर लाठीचार्ज की निंदा की। कहा शिक्षक दमन चक्र से घबराने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने और तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण करने समेत अन्य मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया था लेकिन वह वादे से मुकर रही है। शिक्षा मंत्री ने उन्हें वार्ता के लिए लखनऊ बुलाया है लेकिन इस बार मुख्यमंत्री से नीचे किसी से वार्ता नहीं की जाएगी।
संयुक्त संघर्ष मोर्चा के संयोजक रमेश सिंह ने कहा कि मांग पूरी हुए बगैर आंदोलन समाप्त नहीं होने वाला। इस मौके पर नरसिंह बहादुर सिंह, सुधाकर सिंह, डा. राकेश सिंह, डा. प्रमोद श्रीवास्तव, मंगरूराम मौर्य, विवेकानंद यादव, आजम खां, संतोष सिंह आदि मौजूद थे।