जौनपुर। अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे कोरोना मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना के उपचार में बेहद प्रभावी मानी जा रही रेमडेसिविर इंजेक्शन की पहली खेप जिले में आ गई है। शासन ने अभी 50 इंजेक्शन आवंटित किया है। विशेष वाहन भेजकर इसे सोमवार को जिले में मंगाया गया। माना जा रहा है कि गंभीर श्रेणी के मरीजों के उपचार में इससे काफी मदद मिलेगी। शीघ्र ही दूसरी खेप भी आने की उम्मीद जताई जा रही है। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। उपचार के नाम पर स्वास्थ्य विभाग मरीजों को सर्दी-खांसी, बुखार में इस्तेमाल होने वाली पैरासिटामाल, एजतीथ्रोमाइसिन, विटामिन-सी आदि की गोलियां दे रहा है। गंभीर मरीजों को एल-2 में रखकर ऑक्सीजन लगाया जा रहा है। ऑपरेटर के अभाव में वेंटीलेटर भी कारगर नहीं है। इन्हीं सुविधाओं के भरोसे विभाग कोरोना को हराने में जुटा हुआ है। गंभीर रोगियों के लिए रेमडेस िविर इंजेक्शन की सलाह दी जा रही है, लेकिन इसकी उपलब्धता अब तक जिले में नहीं थे। वाराणसी या लखनऊ से मरीज को अपने स्तर से इसका इंतजाम करना पड़ रहा था। इसका बिचौलिए भरपूर लाभ उठा रहे हैं। रेमडेसिविर की उपयोगिता को देखते हुए पिछले दिनों डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शासन को पत्र लिखकर जिले को भी इसका आवंटन करने का अनुरोध किया था। अब शासन ने इसका आवंटन भी कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने कुल एक हजार इंजेक्शन की डिमांड की थी। पहले चरण में अभी 50 इंजेक्शन ही प्राप्त हुए हैं। शीघ्र ही दूसरी खेप भी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध होने से स्वास्थ्य विभाग बड़ी राहत महसूस कर रहा है। अफसरों का मानना है कि अब गंभीर मरीजों की जान बचाने में काफी हद तक मदद मिलेगी।