बक्शा। नौपेड़वा बाजार में रुई कारोबारी घर में बृहस्पतिवार को आग लगने से रुई व अन्य सामान जल गया। दमकलकर्मियों के आने से पूर्व अगल-बगल के दुकानदारों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पीडि़त की माने तो करीब दो लाख से अधिक कीमत की रुई व अन्य सामान जल गया। बाजार निवासी दिलीप अग्रहरि की हनुमान मंदिर के सामने दुकान व घर है। दिलीप रुई के कारोबारी के साथ धुनाई का भी कार्य करते हैं। करीब दस बजे रुई रखे स्थान पर धुआं उठता देख शोर मचाने लगे। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अगल बगल के दुकानदारों ने सबमर्सिबल चलाकर किसी तरह आग बुझाया। एसओ दिव्य प्रकाश सिंह व दमकल टीम भी मौके पर पहुंच गई। दिलीप ने बताया कि आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका।