बक्सा ब्लॉक पर विधान परिषद सदस्य के चुनाव में मतदान के लिए कतार में खड़े मतदाता। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पद के लिए शांतिपूर्वक शनिवार को मतदान हुआ। 22 स्थानों पर हुए मतदान में 98.28 प्रतिशत मतदाताओं ने चुनावी समर में उतरे तीन प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम प्रकाश के मुताबिक 4031 मतदाताओं में 3962 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एमएलसी पद के लिए भाजपा से सीटिंग एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू, सपा से डा. मनोज कुमार यादव और निर्दल प्रत्याशी के रूप में भानु प्रकाश मैदान में हैं। कलेक्ट्रेट समेत जनपद के 22 स्थानों पर मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान हुआ है। इस दौरान 1739 प्रधान, 2022 क्षेत्र पंतायत सदस्य, 83 जिला पंचायत सदस्य, 90 नगर परिषद सदस्य, 83 नगर पंचायत सदस्य, 2 लोकसभा सदस्य, 9 विधानसभा सदस्य , दो विधान परिषद सदस्य मतदाता करना था। शुरू के पहले घंटे में 507 हुआ। इसके बाद अगले दो घंटे में मतदाताओं ने जबर्दस्त उत्साह दिखाया। इसका परिणाम रहा कि दोपहर 12 बजे तक कुल 2178 मत पड़ गए। इसी तरह दोपहर दो बजे तक 3564 मत पड़ गए, जबकि अपराह्न तीन बजे 3865 तथा अगले एक घंटे में 97 और मत पड़े यानि 4031 मतदाताओं में 3962 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम प्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह सभी मतदान केंद्रों पर भ्रमणशील रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एमएलसी के निर्वाचन शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। जनपद में 98.28 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना 12 अप्रैल को प्रस्तावित है।