मुफ्तीगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज में प्रसव के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। परिजनों के हंगामे का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आरोप है कि किसी तरह रुपये की व्यवस्था कर आए तो बताया गया कि नवजात की मौत हो गई है। हालांकि वीडियो की सत्यता की हम पुष्टि नहीं करते। निशान गांव निवासी सद्दाम शाह की भाभी को प्रसव पीड़ा हुई। परिवार के लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही प्रसव कराने के पहले पांच हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि जब परिजन किसी तरह पैसे का इंतजाम कर वापस अस्पताल पहुंचे तो उन्हें यह कहकर गहरा सदमा दिया गया कि पैसे की व्यवस्था समय पर नहीं हो पाई, इसलिए बच्चे की मृत्यु हो गई। ग्रामीणों और परिजनों में भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने सरकारी अस्पताल में पैसों की मांग को अमानवीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में डॉक्टर ने कहा कि डिलिवरी के नाम पर किसी भी प्रकार की धनराशि की मांग नहीं की गई है। प्रभारी सीएमओ डाॅ. प्रभात कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी ली है। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि सुबह ही आरोप लगाने वाले मरीज को लेकर आए थे, तभी जांच के दौरान बता दिया गया था कि बच्चे की धड़कन नहीं चल रही है। उस समय वह राजी हो गए थे जैसे भी हो प्रसव कराकर महिला की जान बचा लीजिए। लेकिन, जब नवजात मरा पैदा हुआ तो आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। पैसा मांगने का आरोप गलत है।