खुटहन। भटपुरा गांव में एक सप्ताह पूर्व मारपीट में घायल वृद्ध की उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। देररात शव घर पहुंचा, सुबह करीब छह बजे परिजन दोषियों पर कार्रवाई व भूमि विवाद का हल न होने तक शव का अंतिम संस्कार न करने पर अड़ गए। पुलिस ने दो महिला समेत 11 पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कापी परिजनों को सौंपी। आश्वासन पर करीब पांच घंटे बाद परिजनों ने पिलकिछा घाट पर अंतिम संस्कार किया।
गांव निवासी राजेश कुमार बिंद का आरोप था कि बीते सात जनवरी की शाम खाना खाकर बिस्तर पर सो रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी अरविंद बिंद नशे में धुत होकर भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। मना करने पर मारपीट करने लगा। कुछ देर बाद उसके अलावा 10 लोग लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे। बिस्तर पर सो रहे धनई बिंद(80), इनके पुत्र राजेश, धर्मेंद्र, पौत्र अभिषेक, अमित, बृद्ध पत्नी कैलाशी, पुत्र बधू अनीता पर हमलाकर उन्हें घायल कर दिया। 80 वर्षीय धनई बिंद की उपचार के दौरान रविवार को मौत हो जाने पर परिजन शव घर लाए। विवाद के निस्तारण व सभी आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज करने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने पर अड़ गए।
इस बाबत खुटहन थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि गैर इरादतन हत्या के मुकदमे की कापी देकर भूमि विवाद को राजस्व टीम के साथ बहुत जल्द सुलझाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।