जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बुधवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावियों को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया गया। लखनऊ में हुए सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण देखने के बाद जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने जिले के मेधावियों को टैबलेट, प्रशस्तिपत्र और चेक देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खुशी से चमक उठे। समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 20 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें प्रदेश के टॉपरों में शामिल हाईस्कूल की छात्रा जेली मौर्या, श्रेया उपाध्याय, सगुन यादव, आर्दश यादव, महिमा कनौजिया, विशाखा सिंह, नवनीत यादव, अंजली यादव के अलावा इंटरमीडिएट के छात्र रवि यादव, मुस्कान यादव को एक लाख रुपये का चेक, मेडल, टैबलेट और प्रशस्तिपत्र दिया गया। इसी प्रकार जिले की टाॅप टेन में शामिल हाईस्कूल की साक्षी यादव, निखिल पांडेय, इंटर के रुद्र शर्मा, नीलाक्षी यादव, रजा अली खान, मुस्कान यादव, आयुषी यादव, ज्योति चौहान, अपर्णा यादव, रुचि यादव को 21 हजार रुपये का चेक, मेडल, टैबलेट और प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस मौके पर सीडीओ साई तेजा शीलम, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. गोरखनाथ पटेल आदि मौजूद रहे। संचालन रंजना उपाध्याय ने किया।
इनसेट-
अमर उजाला फाउंडेशन ने भी मेधावियों को किया सम्मानित
जौनपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के 20 टॉपरों काे अमर उजाला फाउंडेशन ने भी सम्मानित किया। फाउंडेशन की तरफ से मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुस्तक भेंट की गई। सम्मान पाने वाले मेधावियों ने अमर उजाला का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने मेधावियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।