बधवा-बरसठी मार्ग पर बारीगांव बाजार के पास शुक्रवार को बालू लदे ट्रक की टक्कर से स्कूल जा रही छात्रा की मौत हो गई जबकि उसका भाई घायल हो गया।
उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर भाग गया। घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक को क्षतिग्रस्त कर दिया और बाजार में सड़क जाम कर दिया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ के समझाने बुझाने पर घंटे भर बाद जाम समाप्त हुआ। बारीगंव बाजार निवासी राम सेवक यादव की सात वर्षीय बेटी प्रतिमा सुबह अपने भाई प्रदीप (9) के साथ विद्यालय जा रही थी।
दोनों एक दूसरे का हाथ पकड़कर घर से दो सौ मीटर दूर पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे बालू लदे ट्रक ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही दोनों का हाथ एक दूसरे से छूट गया।
ट्रक का पहिया प्रतिमा के ऊपर से गुजर गया। उसकी मौके पर मौत हो गई जबकि प्रदीप का पैर टूट गया। बाजार में मौजूद लोगों ने हादसे के बाद ट्रक को रोक लिया। चालक फरार हो गया।
सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल पर कोहराम मच गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने ट्रक को क्षतिग्रस्त कर दिया। शव सड़क पर रख कर लोगों ने चक्का जाम कर दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम समाप्त कराने का प्रयास किया लेकिन लोग मुकदमा दर्ज कराने और परिवार के लोगों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम रामकेश यादव और सीओ हितेंद्र कृष्ण ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।