सड़ेरी गांव निवासी एवं नवोदय विद्यालय के रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर कुंभकरण यादव की रविवार को वीरभानपुर गांव में कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव की जनसभा में मौत हो गई।
वीरभानपुर गांव में पक्की सड़क का लोकार्पण समारोह आयोजित था। इसमें नवोदय विद्यालय के रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर कुंभकरण यादव भी पहुंचे थे। मंत्री के बोलने से पहले कुंभकरण यादव संबोधित कर रहे थे।
इसी दौरान उनके सीने में दर्द हुआ और वह बैठ गए। मंत्री ने उन्हें अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका शव घर पहुंचा तो गांव में चीख पुकार मच गई। उनके घर भीड़ जुट गई।
समारोह को छोड़कर मंत्री पारसनाथ यादव, मल्हनी के महासचिव डा. रामयश यादव, डा. जनार्दन यादव, संघर्ष यादव, राजेश गोपालन, पवन कुमार समेत तमाम लोग सड़ेरी गांव पहुंच गए।
अंतिम यात्रा में मंत्री ने कंधा दिया। कुंभकरण यादव मंत्री के काफी प्रिय थे। रिटायर होने के बाद उन्होंने गांव में ही श्रीहरिचरण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की थी।