जौनपुर। नगर के अहमद खां मंडी मोहल्ला निवासी टीबी से पीड़ित एक युवक की बुधवार को मौत हो गई। उसकी मौत के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। इसके पहले उसके माता-पिता, दो भाई और बहनों की भी टीबी से मौत हो चुकी है। बुधवार को भाकुर की मौत के बाद एक ही परिवार में टीबी से मरने वालों की संख्या सात पहुंच गई।
अहमद खां मंडी निवासी भाकुर अहमद (22) पिछले एक साल से टीबी से पीड़ित था। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिता कलीम की 2017 में और माता फरजाना की 2018 में मौत हो गई थी। इसके अलावा भाकुर के दो भाई और बहन की भी मौत टीबी से हो चुकी है। भाकुर की मौत बुधवार को सुबह में हो गई। एक ही परिवार में टीबी से सातवीं मौत हुई है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। माता-पिता की मौत के बाद इसी मोहल्ले के सैय्यद राजू, आले खान आदि ने परिवार की जिम्मेदारी लेकर उनके इलाज कराने का प्रयास किया। लेकिन उसे बचा नहीं सके। टीबी अस्पताल में उसके परिवार का रिकर्ड मौजूद है लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। चिकित्सालय के चिकित्साकर्मी मरीज को डिफाल्टर घोषित कर अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो जा रहे हैं। सरकार की ओर से 2025 तक देश को टीबी मुक्त भारत बनाने का अभियान चल रहा है। हर साल टीबी के मरीजों को गोद लिया जा रहा है। उनकी देखभाल की जा रही है, इसके बावजूद टीबी से लोगों की मौत का सिलसिला नहीं थम रहा है।