सराय मोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के अखंडनगर मार्ग पर गजरिया गांव में सड़क किनारे मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे पुलिया के नीचे पानी में व्यक्ति का शव उतराया मिला। शव देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। मौके पर काफी भीड़ जुट गई, लेकिन कोई उसकी पहचान नहीं कर सका। लोगों के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 45 वर्षीय थी और उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह अक्सर क्षेत्र में ही टहलता दिखता था। मंगलवार की सुबह करीब दस बजे उसे सड़क पर टहलते देखा गया था। आशंका है कि वह पुलिया से नीचे पानी में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। इस संबंध में पूछे जाने पर चौकी प्रभारी रामदवर यादव ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।