जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथम ने केराकत थाना क्षेत्र के दुष्कर्म के एक मामले में थानाध्यक्ष से तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट तलब की है और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए कहा है। पीड़ित पक्ष का कहना था कि विपक्षी सुलह का दबाव बना रहे हैं और दोनों बेटियों को बेच देने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता की मां ने कोर्ट में अधिवक्ता दीपचंद राम के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया कि कुछ लोगों ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। इसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। एक आरोपी वाहिद जिला कारागार में निरुद्ध है। उसके व अन्य आरोपितों के परिवार के लोग लगातार बेटियों को उठा ले जाने और बेचने की धमकी दे रहे हैं। वे मुकदमे में सुलह करने के लिए दबाव बना रहे हैं। धमकी के कारण बेटियों की पढ़ाई छूट गई है। उसने थाना व चौकी पर घटना की सूचना दी लेकिन पुलिस आरोपी के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वह इतनी डरी हुई है कि बच्चों के साथ आत्महत्या करने या गांव छोड़ने का मन बना रही है।