जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने रविवार को उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने एकेडमिक ब्लॉक, लेक्चर थिएटर सहित अन्य ब्लॉकों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने, बॉयोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए ठोस योजना बनाने, अस्पताल में सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए। फायर विभाग से अनिवार्य एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने मौके पर मजदूरों का ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, अधिकारों और उनके लाभों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मरीजों के लिए बाहर से दवाएं लिखने पर सख्ती से रोक लगाने और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। इस मौके पर सीडीओ साईं तेजा सीलम, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य शिवकुमार, स्टाफ और कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।