राजा श्रीकृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान पर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से आयोजित बापू बाजार में प्रतीकात्मक मूल्य पर गरीबों को पकड़े उपलब्ध कराए गए। स्वयं सेवकों ने स्टाल लगाकर कपड़ों की बिक्री की। बापू बाजार में लोगों की भारी भीड़ रही। मेले में उमड़ी भीड़ ने जमकर खरीदारी की। गरीबों और जरूरतमंदों ने अपनी जरूरत के कपड़े खरीदे।
शिविर के छठवें दिन बृहस्पतिवार को एनएसएस समन्वयक डा. मोहम्मद हसीन खान और प्राचार्य डा. एसपी ओझा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की चित्र पर माल्यार्पण करके बापू बाजार का उद्घाटन किया। डा. मोहम्मद हसीन खान ने कहा कि गरीबों का सहयोग करना अच्छी बात है। लोगों में मानवता की कमी हो रही है। इसके कारण गरीब और असहाय लोगों की समस्या सुनने वाला कोई नहीं है।
समाज के कुछ अच्छे लोग ही दूसरों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इस प्रतीकात्मक मेले से आपसी भाईचारा और सौहार्द को बढ़ावा मिलता है। बापू बाजार पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि युवा खेल मंत्रालय भारत सरकार गजट में इस अच्छे कार्य की सराहना की है। प्राचार्य डा. शिव प्रसाद ओझा ने कहा कि मानवता सर्वोपरि है। कार्यक्रम अधिकारी डा. संतोष पांडेय ने बताया कि मेले में दो से पांच रुपये तक में गरीबों में कपड़ों की खरीदारी की।
डा. मधु पाठक ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डा. मयानंद उपाध्याय, डा. आरपी ओझा, डा. आशाराम यादव, डा. सुधा सिंह, डा. गार्गी त्रिपाठी, डा. अभय प्रताप सिंह, डा. विजय प्रताप तिवारी, डा. ओमप्रकाश दूबे, डा. मनोज वत्स, डा. जीके द्विवेदी, सुधाकर शुक्ला, राज बहादुर यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन डा. आलोक मिश्रा ने किया।