जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को शहर के प्रमुख चौराहे और इमारतें तिरंगे की रोशनी से जगमगा उठीं। गोमती नदी पर बने शाही, सद्भावना और शास्त्री पुल भी तिरंगे के रंग में नहाए नजर आए। प्रमुख तिराहे-चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में दिनभर तैयारियां चलती रहीं।जिलेभर में शनिवार की सुबह सात से आठ बजे तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। पुलिस लाइन मैदान में सुबह 9:30 बजे मुख्य समारोह होगा। यहां राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद बच्चों और कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलेक्ट्रेट में डीएम सैमुअल पॉल एन ध्वजारोहण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी शहीद स्मारकों और शहीद स्तंभों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इन स्थलों की सफाई कराकर उन्हें भी तिरंगे की रोशनी से सजाया गया है। 14, 15 और 16 अगस्त की रात सरकारी कार्यालयों, भवनों, महत्वपूर्ण स्मारकों और प्रमुख चौराहों के साथ शाही, सद्भावना व शास्त्री पुल तिरंगे के रंग में रोशन रहेंगे।
विज्ञापन
सार्वजनिक स्थानों की हुई जांच
उधर, सुरक्षा के लिए पुलिस भी सतर्क रही। सार्वजनिक स्थानों और रेलवे स्टेशनों समेत प्रमुख स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों, प्रवेश व निकास द्वारों, फुट ओवरब्रिज यात्री प्रतीक्षालयों, टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, अन्य संवेदनशील स्थलों की तलाशी ली गई। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के संदिग्ध सामान और लावारिस वस्तुओं की जांच की गई। आरपीएफ थाना प्रभारी अजय कुमार, जीआरपी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए स्टेशन परिसर और ट्रेनों में आरपीएफ, जीआरपी जवानों की गश्त, संदिग्धों की धरपकड़ और सुरक्षा चेकिंग का यह अभियान स्वतंत्रता दिवस तक निरंतर और मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा।