मछलीशहर। क्षेत्र के कान्हापुर गांव में नहर किनारे हुई आयर गाव निवासी करीमुल्ला शेख की हत्या के पीछे उसकी दबंग छवि सामने उभर कर आ रही है। सोमवार को दोपहर में षड्यंत्र रचकर गोली मारकर बदमाशों ने हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने मृतक की भाभी की तहरीर पर छ: के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। ग्रामीण जहां करीमुल्ला शेख की हत्या के पीछे उसकी दबंगई को बता रहे है। वही पुलिस रुपये के लेनदेन व पुरानी रंजिश को लेकर हत्या के कारण की तलाश में लगी है। बेखौफ बदमाशों द्वारा दिन दहाड़े की गई हत्या की चर्चा क्षेत्र में लगातार बनी हुई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार बदमाशों ने हत्या की घटना को बड़े शातिराना अंदाज में अंजाम देकर मौके से चले गए। घटना को अंजाम देने के एक घंटे बाद तक हत्या को लोग दुर्घटना मानते हुए उलझे रहे। इसी के चलते बदमाश हत्या कर घटनास्थल से काफी दूर निकल गये। नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि बदमाशों द्वारा करीमुल्ला को फोन कर बुलाया गया। वह नहर के पुल पर पहुंचा था कि बदमाश उसके सीने पर सीधे फायर झोंक कर फरार हो गए। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस तत्परता बरतती तो बदमाशों को पकड़ सकती थी। घटना के चौबीस घंटे बाद तक पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लग सका है। प्रभारी निरीक्षक पर्व कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही पुलिस हत्यारों तक पहुंचेगी।