शाहगंज। बरात से घर लौट रही कार के चालक को झपकी आने से वाहन आजाद रेलवे फाटक के समीप बने हाइटगेज के पिलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार रिटायर हेल्थ इंस्पेक्टर की मौके पर मौत हो गई। जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार खेतासराय थाना क्षेत्र के बरंगी गांव निवासी राजनाथ के बेटे समरजीत की शादी थी। बरात मंगलवार की शाम बीबीगंज चौकी क्षेत्र के गोल्हागौर निवासी संतोष कुमार के यहां आई थी। एक ही कार से 10 लोग बरात में शामिल हुए थे। रस्म पूरी होने के बाद सभी लोग वापस बरंगी खेतासराय के लिए रवाना हुए। रास्ते में ड्राइवर राजेश को नींद आने लगी। झपकी आते ही कार आजाद रेलवे क्राॅसिंग पर बने हाइटगेज के पिलर से कार टकरा गई। टक्कर तेज थी कि कार में सवार खुटहन थाना क्षेत्र के दरना गांव निवासी सोलई राम गौतम (70) व अंजली (35), तनीशा (11), नंदिनी (16), राजेश (44), शिल्पी (42), रिषीकेश (13) , शिवाक्क्षी (10), उज्ज्वल (14) और आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी शुभांशु (23) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान सोलई राम (70) को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने अन्य सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। शाहगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखा-पढ़ी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गई। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन कोई तहरीर देते हैं तो कार्रवाई होगी। मृतक सोलई राम को दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। पति की मौत के बाद पत्नी पंकज जास्ती का रो रो कर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार यही कह रही है कि मांग का सिंदूर उजड़ गया, अब जीने का आसरा भी खत्म हो गया। एक बेटा जो जीने का सहारा था वह भी बीमार है।