शाहगंज। मीटर रिडिंग करने पहुंचे रीडर का नगर के एराकियाना मोहल्ले में शुक्रवार की सुबह एक मकान मालिक से विवाद हो गया। विवाद के दौरान मकान मालिक और उसके परिवार के लोगों ने मीटर रीडर को मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने परिवार के तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
विद्युत विभाग में संविदा मीटर रीडर के पद पर तैनात मोहम्मद तालिब पुत्र अब्दुल अनीश निवासी फैजाबाद मार्ग शुक्रवार की सुबह मीटर रिडिंग करने एराकियाना मुहल्ला निवासी माजिद के मकान पर पहुंचा। जहां रीडिंग के दौरान मकान मालिक से विवाद हो गया। विवाद के दौरान मकान में रह रहे लोगों ने मीटर रीडर तालिब को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने इफ्तेखार अहमद, सरता अहमद व नौशाद पुत्र गण माजिद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। कोतवाल सुधीर कुमार आर्य का कहना है कि मारपीट का मामला है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।