जौनपुर। रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिम्मेदार सिर्फ प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने का कार्य कर रहे हैं। उनके ओर से अभी तक वार्डों और मोहल्लों में अलाव जलाने का कार्य नहीं किया जा रहा है, जिससे मोहल्लेवासी ठिठुरने को विवश हैं, जिसको लेकर मोहल्लेवासी सहित सभासदों में रोष व्याप्त है। उन्होंने शीघ्र मोहल्लों में स्थित सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने की मांग की है।
सवा तीन लाख आबादी वाले शहर में ठंड शुरू होने के बाद हर साल रोडवेज बस स्टेशन, सिटी और भंडारी रेलवे स्टेशन, चौराहों, तिराहों सहित मोहल्लों में अलाव जलवाने का कार्य किया जा रहा था। मोहल्लों में अलाव जलवाने के लिए सभासदों से स्थानों को चिह्नित कर सूची मंगाई जाती थी, जिसके अनुसार मोहल्लों में अलाव जलवाने का कार्य किया जा रहा था, लेकिन इस साल अभी तक सभासदों से न तो कोई सूची मांगी गई है और न ही मोहल्लों में अलाव जलवाने का कार्य किया जा रहा है। इस समय सिर्फ शहर क्षेत्र में मात्र 16 प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें जिला अस्पताल, रोडवेज बस स्टेशन, भंडारी और सिटी रेलवे स्टेशन, पालीटेक्निक चौराहा, जेसीज चौराहा, वाजिदपुर तिराहा, सिपाह तिराहा, ओलंदगंज चौराहा, कोतवाली चौराहा, कुत्तुपुर तिराहा आदि प्रमुख चौराहों और तिराहों पर अलाव जलवाया जा रहा है, लेकिन कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद भी मोहल्लों में मौजूद सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने का कार्य नहीं किया जा रहा है, जिससे मोहल्लेवासी रात में ठंड से ठिठुरने को विवश हैं। वहीं, अलाव न जलाने को लेकर मोहल्लेवासियों और सभासदों में रोष है। उन्होंने मोहल्लों में शीघ्र अलाव जलवाने की मांग की है।
शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने का कार्य किया जा रहा है, जहां तक वार्डो में अलाव जलवाने की बात है तो इसके लिए भी तैयारी की जा रही है। कई सभासदों ने सूची दे दी है, जिसका स्त्यापन किया जा रहा है। वहीं जिन सभासदों की ओर से सूची नहीं दी गई है। उनसे शीघ्र सूची मंगा ली जाएगी, जिसके बाद सत्यापन कराकर अलाव जलवाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - संतोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका