मृतक अंशिका निवासी पोरई खुर्द। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी खेतासराय। पोरई खुर्द गांव में मंगलवार को घर से लापता हुई 15 साल की किशोरी अंशिका का शव बुधवार को आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता हरिश्चंद्र ने बताया कि अंशिका 11 अगस्त को किसी बात से नाराज होकर घर से चली गई थी। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। परिजनों ने खेतासराय थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करके किशोरी की खोजबीन शुरू की। बुधवार को परिजन और अन्य लोग किशोरी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान भोर में गांव के ही एक आम के पेड़ पर उसका शव दुपट्टे के सहारे लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।