मुंगराबादशाहपुर। पवारा थाना क्षेत्र के सहनी गांव के चरागाह में रविवार की सुबह युवक का शव मिला। शरीर पर चोट के निशान थे और हाथ और पैर बंधे हुए थे। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।
रविवार की सुबह कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे। इसी बीच चरागाह में पड़े शव पर उनकी नजर पड़ी। इसकी सूचना थाने में दी गई। इसके बाद थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे। इससे हत्या की आशंका लग रही है। माना थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। आसपास के सीसी कैमरे, मोबाइल फोन लोकेशन और मुखबिर के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ प्रतिमा वर्मा का कहना है कि सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है। इस मामले का जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।