मुंगराबादशाहपुर। पवांरा थाना क्षेत्र के पवांरा गांव में एक स्कूल के पास शनिवार की सुबह सरसों के खेत में एक युवक का शव मिला।
बनकट गांव के चेतेरिया पुरवा निवासी दयाशंकर सरोज (30) शुक्रवार को शाम करीब चार बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों के मुताबिक दयाशंकर के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे संपर्क नहीं हो सका। शनिवार सुबह राहगीरों ने खेत में शव देखा तो शोर मचाया। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। दयाशंकर के मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी चंदादेवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दयाशंकर रोजी-रोटी के लिए पंजाब रहता था और दो महीने पहले ही घर आया था। उसकी तीन बेटियां दिशा, रूबी व रूही। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ठंड लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।