रामपुर। थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव निवासी युवक का शव मंगलवार को कुवैत से घर आते ही कोहराम मच गया। परिवारों के आंसू नहीं थम रहे थे। वहां मौजूद सभी की आंखें नम थी। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
जोगापुर (जमालापुर )निवासी श्रीकांत पाल (42) पुत्र छत्रधारी पाल रोजी रोटी के सिलसिले में जनवरी 2018 में कुवैत गया था। वहां वह एक आप्ती मिल कंपनी में काम कर रहा था। यह कंपनी स्टील प्लांट के रूप में स्थापित था। जहां 31 जुलाई को स्टील का भारी भरकम टीनशेड युवक के सिर पर गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से चुटहिल हो गया। कंपनी ने उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 6 अगस्त को उसकी मौत हो गई। परिजनों को युवक की मौत की खबर लगते ही घर में रोना-पीटना मच गया। शव लाने के लिए परिजन परेशान हो गए। परिजनों ने जब कंपनी से संपर्क किया तो मिल मालिक ने कुवैत गवर्नमेंट को सूचित करते हुए शव को कंपनी के खर्चे पर घर तक भिजवाने का जिम्मेदारियां लिया। इसके बाद मंगलवार की दोपहर शव बाबतपुर एयरपोर्ट पर अंतर्राष्ट्रीय हवाई जहाज से पहुंचा। शाम तीन बजे शव घर पहुंचते ही माता सुशीला देवी अपने पुत्र की एक झलक पाने के लिए रो -रो कर बेसूध हो जा रही थी। वहीं दो बच्चों की मां और मृतक की पत्नी शीला पाल भी दहाड़े मार-मार कर रो रही थी। मृतक युवक के पास दो बच्चे जितेश 13 वर्ष व जागृति 10 वर्ष है।