संवाद न्यूज एजेंसी
खेतासराय। क्षेत्र के मनेछा गांव में सोमवार को खाड़ी देश दुबई में कार्यरत युवक का शव गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो उठा।
मनेछा निवासी पेशकार ने बताया कि उनके भाई रविंद्र बिंद (35) बीते कई वर्षों से दुबई में प्लंबर का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दीपावली के दिन 20 अक्तूबर को कार्य के दौरान उनके ऊपर छत से एक भारी औजार गिर गया।
सहकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी प्रशासन और भारतीय दूतावास को सूचित किया गया। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को भारत भेजा गया।
पत्नी सरोजा देवी का रोते-रोते बेहोश हो जा रही हैं। तीन मासूम बेटे अंश(10), अंकुश(7), मुकेश(3) अपने पिता के पार्थिव शरीर को देख फफककर रो पड़े। लोग परिवार को हिम्मत बंधाने पहुंचे मगर हर कोई गमगीन दिखाई दिया।