थाना क्षेत्र के असवारा नहर में रविवार की शाम शारदा नहर में बगल के ही गांव के रहने वाले एक व्यक्ति अनिल यादव उर्फ गुड्डन (38) का शव मिलने से आस पास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि अमरा गांव के देवली अराजी का रहने वाला अनिल यादव उर्फ गुड्डन यादव शनिवार को अपने घर से जन्माष्टमी की झांकी देखने के लिए निकले थे। रविवार की दोपहर तक घर नहीं लौटे। रविवार की शाम करीब 4 बजे असवारा गांव के लोगो ने नहर में एक शव देखा। पुलिस ने शिनाख्त की तो जानकारी हुई कि शव अनिल यादव उर्फ गुड्डन का है। मृतक के दो बच्चे हैं। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी।